अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
सिरमौर जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से 21 जनवरी को नाहन के चौगान मैदान में जिला स्तरीय पैरा खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में बौने कद के दिव्यांगों के अलावा अस्थि व दृष्टि बाधित दिव्यांग हिस्सा ले सकेंगे।
एसडीपीए के अध्यक्ष शक्तिचंद ने बताया कि पैरा खेलकूद में भाग लेने के इच्छुक दिव्यांग 21 जनवरी को सुबह 9 बजे चौगान मैदान में अपना चिकित्सा प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छाया प्रति तथा एक पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लेकर आएं।
जिलास्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय पैरा खेलकूद के लिए किया जाएगा। यह प्रतियोगिता फरवरी माह में आयोजित की जाएगी। एसडीपीए के सीईओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गत वर्ष एसडीपीए के विरेंद्र सिंह, अमन ठाकुर, सुरेंद्र, चमनलाल व निशा ने एथलीट, बैडमिंटन व ताईक्वांडों में राष्ट्रीय स्तर पर तथा सुमन ने जापान में आयोजित बैडमिंटन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित स्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन किया।
सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रोहडू में आयोजित राज्यस्तरीय पैरा खेलकूद स्पर्धा में 14 स्वर्ण, 7 रजत व 4 कांस्य पदकों सहित कुल 25 पदकों को अपने नाम किया था। सीईओ सुरेंद्र कुमार ने समाजसेवी संस्थाओं व धनाढ्य लोगों से पैरा खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए सहायता प्रदान करने की भी अपील की है।