अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। ददाहू स्कूल बस हादसे के बाद चर्चा में रहे डीएवीएन पब्लिक स्कूल ददाहू में बच्चों के दाखिले को हरी झंडी मिल गई है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने स्कूल में बच्चों के प्रवेश पर लगी रोक को हटा दिया है। स्कूल प्रबंधन अब शैक्षणिक सत्र के लिए बच्चों का दाखिला ले सकेगा। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन की दलीलें सुनने के बाद इस सत्र के लिए पहली से आठवीं कक्षा तक स्कूल की मान्यता का नवीनीकरण करने का फैसला ले लिया है। स्कूल प्रबंधन ने शनिवार से ही प्रवेश प्रक्रिया को फिर से आरंभ कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल को प्रारंभिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक की टीम ने डीएवीएन पब्लिक स्कूल ददाहू का निरीक्षण करके व्यवस्थाओं की जांच की थी। साथ ही स्कूल के रिकॉर्ड को भी खंगाला था। संयुक्त निदेशक ने दो दिन के भीतर ही अपनी रिपोर्ट तैयार कर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा को सौंप दी थी। रिपोर्ट मिलने पर निदेशक ने स्कूल की खामियों में सुधार पाया। साथ ही अगले सत्र के लिए बच्चों के दाखिलों पर लगाई गई रोक को हटा दिया।
प्रवेश को हरी झंडी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने दाखिला शुरू कर दिया है। साथ ही स्कूल बंद होने की अफवाहों पर भी विराम लग चुका है। यही नहीं, स्कूल के नाम में भी अब कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। उधर, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विपिन कुमार ने बताया कि डीएवीएन पब्लिक स्कूल ददाहू के मामले में पुनर्विचार के बाद स्कूल के नवीनीकरण के दस्तावेजों को जमा कर लिया है। साथ ही प्रवेश को लेकर लगाई गई रोक को भी हटा दिया गया है। निदेशक के इस बारे में आदेश प्राप्त हो चुके हैं। स्कूल प्रबंधन को प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के लिए कह दिया गया है।