पांवटा में सम्मानित किए गए वीर शहीदों के परिजन विस अध्यक्ष के साथ।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पूर्व सैनिक संगठन की पांवटा इकाई ने वीरवार को कारगिल विजय दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि, पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि इस देश ने कारगिल युद्ध में अद्भुत शौर्य का परिचय देकर विश्व भर में अपने अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आज भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है लेकिन यदि पाकिस्तान ने आज की तारीख में युद्ध की गुस्ताखी की तो उसे नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा। विधायक सुखराम चौधरी ने शहीद स्मारक के लिए तीन लाख रुपये बजट देने की घोषणा भी की। डीसी सिरमौर ललित जैन ने कहा कि जिले में कॅरिअर गाइडेंस खुलना जरूरी है, जिसमें सैनिकों के बच्चों और अन्य युवाओं को बेहतर कॅरिअर के लिए दिशा मिले। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक के लिए जल्द जमीन उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे पूर्व मुख्यातिथि ने वाई प्वाइंट पर स्थित शहीद स्मारक पर जाकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। स्कूली बच्चों ने रंगारंग देशभक्ति से पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास में योगदान देने वाले स्थानीय उद्यमियों ज्ञान चंद गोयल, सुरेश गर्ग, एनपीएस सहोता और अरुण गोयल को सम्मानित किया गया।
वीर शहीदों के ये परिजन सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इनमें अमर वीर शहीद कुलविंदर सिंह, कल्याण सिंह, राजेश कुमार, विरेंद्र सिंह, कमलकांत, शेर सिंह, समीर कुमार, रविंद्र सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह चौहान, सोहन सिंह, श्याम सिंह, बाबू राम नेगी, प्रीतम चंद और वीर शहीद बलबीर सिंह के परिजन शामिल रहे।