अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)
चुनाव सरगर्मियां तेज होते ही सिरमौर पुलिस ने भी अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। सीआईयू टीम नाहन ने पांवटा साहिब में दो लोगों को सट्टा लगाने के आरोप में पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से 12560 रुपये की नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार पहले मामले में एएसआई राजेंद्र सिंह, हैड कांस्टेबल पंकज चंदेल, विकास कांडा, कल्याण व कांस्टेबल सन्नी सिविल में हरिपुर टोहाना सड़क मार्ग पर गश्त कर रहे थे।
इस दौरान यहां एक व्यक्ति सड़क के किनारे खड़ा होकर एक रुपये के बदले 80 रुपये की आवाज देकर लोगों को दड़ा, सट्टा लगाने के लिए उकसा रहा था। साथ ही आरोपी सार्वजनिक जगह पर दड़ा सट्टा लगाने के लिए आवाजें भी लगा रहा था। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ज्ञान सिंह निवासी हरिपुर टोहाना की तलाशी ली। पुलिस ने आरोपी के पास 10330 रुपये नकद व एक पर्चा बरामद किया।
उधर पांवटा साहिब के रामपुरघाट सड़क पर पुलिस ने ऐसे ही मामले में कार्रवाई को अंजाम दिया। सीआईयू टीम के सदस्य हरिचंद, दीपक कुमार के गश्त के दौरान सड़क के किनारे करियाना की दुकान पर खड़ा होकर आरोपी नरेश कुमार निवासी रामपुरघाट एक रुपये के 80 रुपये की आवाजें लगाकर लोगों को सट्टा लगाने के लिए प्रेरित कर रहा था। पुलिस ने इसके कब्जे से 2230 रुपये की नकदी बरामद की।
उधर, एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।