ददाहू (सिरमौर)। बिजली कॉलोनी के समीप ददाहू-पनार सड़क पर हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल का सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज नाहन और यहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक बिजली कॉलोनी के समीप वीरवार रात एक ट्रैक्टर खाई में गिरने से चालक सतपाल 40 वर्षीय निवासी ढांग कटाह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार सतपाल जब खाली ट्रैक्टर लेकर अपने घर की ओर जा रहा था तो बिजली कॉलोनी के समीप पहुंचते ही वह ट्रैक्टर से अपना संतुलन खो बैठा। इसके बाद लोगों की सहायता से ट्रैक्टर चालक को सिविल अस्पताल ददाहू पहुंचाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार देकर नाहन रेफर कर दिया गया। एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, स्थानीय प्रशासन की ओर से तहसीलदार ददाहू देवी सिंह कौशल ने घायल व्यक्ति के परिजनों को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।