अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद कांग्रेस मंडल की मासिक बैठक सराहां में हुई जिसकी अध्यक्षता मंडल उपाध्यक्ष सुरत राम ने की। जबकि पूर्व विस अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री की तोड़ी जा रही शिलान्यास पट्टिकाओं का मुद्दा छाया रहा। गंगूराम मुसाफिर ने कहा कि भाजपा के लोग घटिया राजनीति पर उतर आए हैं। भाजपा के कार्यकर्ता पूर्व सरकार के समय हुए शिलान्यासों की पट्टिकाओं को तोड़ रहे हैं जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ऐसी घटिया राजनीति करने वालों को सबक सिखाना जरूरी हो गया है। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने एक निंदा प्रस्ताव भी पारित किया जिसमें शिलान्यास पट्टिका तोड़ने वालों की जमकर निंदा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ऐसे मामलों को प्रशासन के समक्ष सख्ती से उठाया जाएगा तथा पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी। मुसाफिर ने कहा कि केंद्र सरकार का ग्राफ जनता के बीच लगातार गिर रहा है। उसके सभी वायदे कोरे जुमले साबित होकर रह गए हैं। चार साल में 16 हजार से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। मुसाफिर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार रोकने की बात कही थी। खुद को जनता का चौकीदार कहकर देश के धन पर किसी का पंजा नहीं पड़ने का दावा किया था लेकिन भाजपा के ही करीबी इस देश का हजारों करोड़ों रुपये का धन लेकर विदेश भाग चुके हैं। देश का चौकीदार मौन हो गया है।
इस मौके पर सूरत राम रावल, श्यामलाल फरमाहे, पंचायत समिति अध्यक्षा उषा तोमर, संजय पाल ठाकुर, मोहनी ठाकुर, देशराज ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, ज्ञान गौतम समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।