नाहन शहर के नया बाजार में खस्ताहाल हुई सड़क।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन के तहत विभिन्न मोहल्लों के लिए बनी सड़कों और रास्तों की हालत खस्ता हो गई है। कई स्थानों पर तो बड़े-बड़े गड्ढे पड़ने के कारण झटके लग रहे हैं। इससे सफर करना मुश्किल हो गया है। हाल ही में हुई बारिश ने सड़कों और रास्तों की हालत और खराब कर दी है। वहीं, विभिन्न स्थानों पर लगी इंटर लॉक टाइलों ने भी जवाब दे दिया है। कई स्थानों पर टाइलें ऊबड़-खाबड़ हो गई है।
नगर परिषद नाहन में 13 वार्ड हैं। विभिन्न वार्डों के लिए सड़कों के साथ रास्तों का भी निर्माण किया गया है। लेकिन, इन रास्तों और सड़कों की हालत खस्ता हो गई है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं, जबकि रास्ते भी टूट-फूट रहे हैं। शहर के नया बाजार की सड़क में जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं। शहर के अन्य हिस्सों का भी यही हाल है। शहर के बीचोंबीच से गुजरने वाले नेशनल हाईवे की भी संबंधित विभाग (लोनिवि एनएच अथॉरिटी) कोई सुध नहीं ले रहा है। आईटीआई से लेकर दिल्ली गेट होते हुए बस स्टैंड तक की सड़क खस्ता होने के कारण इस पर सफर करना किसी खतरे से खाली नहीं है। गोबिंदगढ़ मोहल्ले में भी नेशनल हाईवे की दयनीय स्थिति है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के प्रेम पाल, नबेंदु, महेंद्र सिंह और ईशान का कहना है कि शहर की सड़कों की हालत पहले ही खराब थी। अब बारिश ने रही सही कसर पूरी कर दी है। बारिश की वजह से सड़कों और रास्तों की हालत और खराब हो गई है। उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ने कहा कि बरसात के बाद सड़कों पर टारिंग और पैचवर्क का कार्य किया जाएगा। रास्ते भी सुधारे जाएंगे।