अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)।
पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बागपशोग-टिक्करी पजेली पेयजल योजना ठप पड़ गई है। बताया जा रहा है कि योजना की पंपिंग मशीनें खराब हो गई हैं। क्षेत्र में दस दिन से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। परिणामस्वरूप जुअड़, टिक्करी, पझगड़ी, खाबड़ा, बघेंजी, आंजटी घाट, कोटला, मलाडी, घरघोंन, पलाशों, गनेना, जपालों, नाली व चाकलटी गांवों में पानी को लेकर हाहाकार मचा गया है। लोगों को पानी की बूंद-बूंद को तरसना पड़ रहा है। ग्रामीण भरी गर्मी में एक से तीन किलोमीटर दूर से पानी ढोकर ला रहे हैं।
ग्रामीण मायादत्त शर्मा, तुलाराम, यशपाल, बाबूराम, रामानंद, भक्तराम, लज्जाराम, कमलेश देवी, मीरा देवी, देवस्वरूप, किशन सिंह, रोशन लाल, जयप्रकाश, राजेंद्र तारादत्त, रामस्वरूप, रामेश्वर व रामगोपाल ने कहा कि उनके गांवों में दस दिन से पानी नहीं आ रहा। विभाग से शिकायत की तो पता चला कि योजना की दोनों मोटरें खराब हो गई हैं। उन्होंने कहा कि उनकी समस्या के लिए विभाग सीधे जिम्मेवार हैं। जब पहली मोटर खराब हुई थी तो उसे ठीक क्यों नहीं करवाया गया? दूसरी खराब होने की नौबत ही कैसे आई ?
ग्रामीणों ने कहा कि दो दर्जन गांवों में पानी को हाहाकार मच गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर पानी की आपूर्ति नहीं की गई तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, विभाग के कनिष्ठ अभियंता चिरंजीवी ने कहा कि योजना में लगी पंपिंग मशीनरी खराब हो गई है। जल्द ही ठीक करवा कर योजना को शुरू कर दिया जाएगा।