अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
जनपद सिरमौर में शुक्रवार की रात व शनिवार शाम हुई तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। जोरदार बारिश से सड़कों पर भारी मलबा व पत्थर आ गिरे। इससे वाहनों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नाहन-शिमला नेशनल हाईवे पर बारिश से जगह-जगह भारी मलबा व पत्थर आ गिरे। ऐसे में बड़े वाहनों को निकालने में भारी दिक्कतें हुईं।
बारिश के चलते नाहन इलाके की कई सड़कों पर गहरे गड्ढे पड़ गए हैं। नाहन आईटीआई के समीप एक भवन निर्माण कार्य से निकला सारा मलबा सड़क पर आ गया। नाहन से बनोग सड़क की हालत पहले ही काफी खस्ता बनी हुई है। सड़क पर गहरे गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। इसके अलावा जिले के अन्य कई सड़कों पर भी मलबा व पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। ऐसे में वाहन चालकों का सड़कों पर निकलना काफी चुनौती भरा हो गया है।
बाक्स--
गुन्नूघाट के समीप टूटा पोल
शनिवार को भारी बारिश से गुन्नूघाट के समीप एक पेड़ गिर गया। पेड़ ने बिजली की तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। भारी पेड़ के बिजली की तारों में फंसने से पोल भी टूट गया। गनीमत यह रही कि राहगीर व पार्किंग स्थल पर खड़ी गाड़ियों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं पेड़ की चपेट में आई तारों में दौड़ रहा तेज करंट कभी भी जानलेवा साबित हो सकता था। पेड़ गिरने से स्थानीय हिस्सों में बिजली गुल हो गई। साथ ही बोर्ड को भी काफी नुकसान पहुंचा।
--बारिश में जोरदार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सड़कों पर गिरा मलबा और पत्थर, पेड़ गिरने से नुकसान