नाहन कॉलेज में सर्जिकल स्ट्राइक दिवस पर डाक्यूमेंटरी देखते विद्यार्थी व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
नाहन/संगड़ाह/ राजगढ़ (सिरमौर)। सर्जिकल स्ट्राइक दिवस के अवसर पर सिरमौर देशभक्ति के रंग में रंग गया। सर्जिकल स्ट्राइक का यह दिन कहीं शौर्य तो कहीं पराक्रम दिवस के रूप में मनाया गया। विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही सर्जिकल स्ट्राइक पर बनी फिल्म भी दिखाई गई। स्कूल-कॉलेज भारत मां के जयकारों से गूंज उठे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बर्मापापड़ी में शनिवार को सर्जिकल स्ट्राइक दिवस (पराक्रम दिवस) आयोजित किया गया। इसमें भूतपूर्व सैनिक ईश्वर चंद ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान ईश्वर चंद ने विद्यार्थियों को सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी दी। फौज की नौकरी के दौरान पाए अपने अनुभवों को भी साझा किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सर्जिकल स्ट्राइक पर बनी फिल्म भी दिखाई गई। स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य उदय राम शर्मा ने भी विद्यार्थियों को सेना के इतिहास से अवगत करवाया। पंडित शिवानंद रमौल स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में भूतपूर्व सैनिक महेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान से अवगत करवाया। उधर, शौर्य दिवस के अवसर पर भाजपा मंडल पच्छाद ने समारोह में पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। खंड विकास अधिकारी कार्यालय में आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सुरेश कश्यप थे। उन्होंने पूर्व सैनिकों को सम्मानित करते हुए कहा कि वीर सैनिक जो सीमाओं पर दिन-रात डटे हैं, उन्हीं के कारण हम घरों में चैन की नींद सो पाते हैं। राजकीय वरिष्ठ छात्र पाठशाला पांवटा साहिब में सर्जिकल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी के छात्रों ने परेड की, जिसकी अगुवाई एनएसएस प्रभारी नरेश शर्मा व एनसीसी प्रभारी राज कुमार ठाकुर द्वारा की गई। इसके बाद एनसीसी छात्रों ने रैली निकाली। उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह के बीडीसी सभागार में सर्जिकल स्ट्राइक के दो वर्ष पूरा होने पर पराक्रम दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम राजेश धीमान ने की। कहा कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 28 से 30 सितंबर तक पराक्रम दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त और सेवारत सैनिकों को सम्मानित किया गया। इसमें मदनलाल, यशपाल चौहान कमलकांत शर्मा पूर्णानंद शर्मा, यशपाल शर्मा राकेश कुमार आदि शामिल हैं।