सराहां (सिरमौर)। नारग कॉलेज को बंद करने के फैसले पर क्षेत्रवासी भड़क गए हैं। गुस्साए लोगों ने सरकार से इस कॉलेज को तत्काल आरंभ करने की मांग की है। इसके लिए ग्रामीणों ने बाकायदा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। कॉलेज संघर्ष समिति के अध्यक्ष मुनीलाल पंवार, रणधीर सिंह, जिला परिषद सदस्य पूनम पंवार, विक्रम सिंह, कविता, तनु ठाकुर, शिवानी बंसल, मोहित बंसल, मनीषा और पूनम ने कहा कि सरकार को इस कॉलेज को दोबारा खोलने की घोषणा करनी चाहिए, जिससे गरीब बच्चे इसका लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का कहना है कि नारग कॉलेज में कोई दाखिला नहीं हुआ। इससे इसे बंद किया गया जबकि सच्चाई इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज में 32 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया था। अधिकतर छात्र गरीब परिवारों से संबंध रखते हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ बच्चों ने नाहन और सोलन कॉलेज में प्रवेश ले लिया है, जबकि कुछ बच्चे घर ही बैठे हुए हैं। इससे उनका भविष्य अंधकार में पड़ गया है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि वह इस कॉलेज को दोबारा शुरू करने की घोषणा करे। ग्रामीणों ने बताया कि इसके लिए मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी भेजा गया है।