अमर उजाला ब्यूरो
नाहन / कालाअंब (सिरमौर)।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की टीम ने शनिवार को डेंगू की चपेट में आए कालाअंब व मोगीनंद क्षेत्र का दौरा किया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके भारद्वाज की अगुवाई में पहुंची विभागीय टीम ने डेंगू पीड़ितों को दवाइयां वितरित कीं और लोगों को जागरूक भी किया।
इस दौरान स्वास्थ्य महकमे ने कालाअंब व मोगीनंद के साथ-साथ खारी, नागल सुकैती, जट्टांवाला आदि क्षेत्रों में लोगों से संपर्क साधा। उल्लेखनीय है कि ‘अमर उजाला’ ने औद्योगिक नगरी कालाअंब में दिन प्रतिदिन बढ़ रहे डेंगू के मामलों को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था।
इलाके के आधा दर्जन लोगों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं, जिनका इलाज हरियाणा राज्य के सरकारी अथवा गैर सरकारी अस्पतालों एवं क्लीनिकों से इलाज चल रहा है। खबर के प्रकाशित होने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। इसके बाद स्वास्थ्य महकमे ने टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। साथ ही दवाइयां वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया।
शनिवार को बीएमओ डॉ. एनके भारद्वाज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौलांवालाभूड़ के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशित, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सिमला देवी, हामीद अली व कमलेश आदि आशा वर्करों की टीम ने डेंगू प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इस दौरान टीम ने पैरासिटामोल व ओआरएस पैकेट वितरित किए।
उधर, बीएमओ डॉ. एनके भारद्वाज ने बताया कि डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को साफ सफाई को लेकर जागरूक किया है। फैक्टरियों व घरों से आसपास पानी खड़ा न होने देने बारे भी लोगों को जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि डेंगू मच्छर साफ पानी में ही पनपता है। उन्होंने बताया कि महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता की अध्यक्षता में आशा वर्करों की टीमें गठित कर दी हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव की जानकारी देंगी।
उन्होंने बताया कि बुखार के लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सीय सहायता लें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में स्थिति अब नियंत्रण में है।