नाहन में पैदल चलने वालों के लिए नहीं बची जगह
गुन्नुघाट, बस स्टैंड पर यातायात कंट्रोल रूम बनाने की मांग
बुद्धिजीवी वर्ग ने बसस्टैंड से दिल्लीगेट तक वन-वे की उठाई मांग
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)।
जिला मुख्यालय नाहन में यातायात समस्या दिनों-दिन विकराल रूप धारण करती नजर आ रही है। शहर में लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या व पार्किंग स्थलों की कमी की वजह से यह समस्या अधिक विकराल हो गई है। आलम यह है कि कुछ स्थानों पर तो लोगों को पैदल चलने तक की जगह नसीब नहीं हो रही है। दिनों-दिन विकराल हो रही इस समस्या पर ‘अमर उजाला’ ने लोगों से बात की।
संदीप कुमार का कहना है कि क्षेत्र में वाहन पार्किंग की माकूल सुविधा न होने के कारण लोग यहां-वहां वाहन खड़े करने को मजबूर हैं। प्रशासन को चाहिए कि तुरंत पार्किंग स्थलों के निर्माण में बढ़ोतरी करनी चाहिए।
नया बजार निवासी केडी गौतम ने सुझाव दिया कि जिस प्रकार नाहन चौगान में पुलिस ने ट्रैफिक कंट्रोल रूप स्थापित किया है वैसा ही ट्रैफिक कंट्रोल रूम गुन्नुघाट व बस स्टैंड क्षेत्र में भी होना चाहिए।
व्यवसायी भगत राम ने कहा कि दिल्लीगेट पर बनी गुमटी में नियमित रूप से कर्मी की तैनाती की गई है जबकि हरिपुर मोहल्ले के सबसे तीखे चौराहे पर बनी गुमटी में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन शीघ्र उस गुमटी में भी यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए कर्मी तैनात करें।
दुर्गेश भारद्वाज ने कहा कि शहर के कुछ स्थानों में दिन में गाड़ियां भरने व उन्हें खाली करने पर प्रतिबंध लगा हुआ है। बावजूद इसके प्रतिबंधित क्षेत्रों में रोजाना यह कार्य किया जा रहा है जिससे जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। पुलिस को इस दिशा में ईमानदारी से कार्य करना चाहिए।
---
-पंकज तन्हा