पुल के पैरापिट से गिरकर मासूम की मौत
राजगढ़ के प्लाऊ में हुआ दर्दनाक हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। उपमंडल राजगढ़ की काथली भरण पंचायत के गांव प्लाऊ में पुल के पैरापिट से गिरकर एक चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के वक्त बच्चे की माता अमृता सड़क के साथ लगते हैंडपंप पर कपड़े धो रही थी। अमृता ने बताया कि वहां नेपाली मूल के तीन बच्चे सड़क किनारे खेल रहे थे, जिनके साथ उनका बच्चा चार वर्षीय सुभाष भी खेल रहा था। उसने उसे डेरे में आने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं आया। थोड़ी देर बाद वह पैरापिट पर खेलते समय नीचे गिर गया। इसके बाद आनन-फानन में स्थानीय व्यवसायी विनोद चौधरी ने बड़ू साहिब अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गौरतलब है कि यहां पीडब्लयूडी की पुल किनारे रेलिंग टूटी हुई है। इसके चलते दो वर्ष पूर्व भी यहां स्थानीय व्यक्ति सुरेंद्र शर्मा यहीं से नीचे गिर गया था, जिससे उनके सिर में गहरी चोट सहित छाती और कंधे की चार हड्डियां टूट गई थीं। हालांकि, आईजीएमसी में चिकित्सकों ने कड़ी मशक्कत के बाद उनकी जान बचा ली। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने उसके बाद यहां रेलिंग दोबारा लगा दी थी जिसे भारी वाहनों ने फिर तोड़ दिया। इस संबंध ने लोक निर्माण के सहायक अभियंता डीएस कौंडल ने कहा कि वहां शीघ्र दोबारा से सीमेंट की रेलिंग बना दी जाएगी।
एसडीएम राजगढ़ नरेश वर्मा ने कहा कि मृतक बच्चे के परिजनों को 15000 रुपये फौरी राहत के रूप में जारी करवा दिए गए हैं। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है।