पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर उपभोक्ता संरक्षण समिति पांवटा इकाई की मासिक बैठक हुई। बैठक में उपभोक्ताओं की दिक्कतों, पांवटा शहरी व आसपास क्षेत्रों की मांगों पर मंथन हुआ।
बैठक की अध्यक्षता सिरमौर उपभोक्ता संरक्षण समिति पांवटा इकाई के अध्यक्ष एमएस कैंथ ने की। उन्होंने कहा कि सरकार सब्जबाग दिखा रही है। समय पर उपभोक्ताओं को सरकारी डिपुओं में पूरा राशन नहीं मिल पा रहा है। अधिकतर क्षेत्रों से उपभोक्ताओं की यही समस्याएं आ रही हैं। घोषणा अनुसार दालें व चीनी नहीं मिल सकी। सड़कों किनारे कूड़ेदान लगाए जाएं और कचरे के ढेरों को साफ करवाया जाए। कई संपर्क सड़कों की दशा खराब है। इन पर दोपहिया वाहन चलना भी कठिन हो रहा है। बैठक में एमएम मालविया व केसी नागपाल समेत वक्ताओं ने कहा कि पानी के काफी समय से दस फीसदी बढ़े हुए बिल आ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि पानी घटता जा रहा है, बिल राशि बढ़ती जा रही है। बिजली मीटर रेंट को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई। समिति सदस्यों का कहना है कि मीटर रेंट देते कई वर्ष हो चुके हैं। बिजली बोर्ड मीटरों को उपभोक्ताओं के नाम करे। बैठक में केसी नागपाल, एमएस कैंथ, एमएस भटनागर व एनएन खतरी समेत उपभोक्ता संरक्षण समिति पांवटा के पदाधिकारियों व सदस्य मौजूद रहे।