पांवटा में खोला जाए ओल्ड एज होम
वरिष्ठ नागरिक परिषद पांवटा की बैठक में सरकार से उठाई मांग
सड़कों की दशा सुधारने को उठाए जाएं कदम : मालविया
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वरिष्ठ नागरिक परिषद पांवटा की बैठक स्थानीय विश्राम गृह में हुई। इसमें क्षेत्र की समस्याओं व मांगों पर विचार विमर्श किया गया। सबसे ज्यादा चिंता पांवटा क्षेत्र की संपर्क सड़कों की बिगड़ी दशा नहीं सुधारने पर जताई गई। बैठक में प्रदेश सरकार से पांवटा में ओल्ड ऐज होम खोलने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
वरिष्ठ नागरिक परिषद पांवटा इकाई अध्यक्ष एमएम मालविया की अध्यक्षता में बैठक हुई। महासचिव एमएस भटनागर, एनएन खतरी, एनडी सरीन, टीसी गुप्ता, पीएल शर्मा, आरसी गुप्ता, डीआर भारद्वाज व एनएल अग्रवाल ने कहा कि पांवटा क्षेत्र की संपर्क सड़कें बरसात के मौसम में खस्ताहाल हो चुकी हैं। विश्वकर्मा चौक से मतरालियों, तारुवाला से बेहड़ेवाला, पोस्ट आफिस से स्वर्गधाम तक व वार्ड-13 के तारुवाला के समीप समेत शहर के कुछ वार्डों की संपर्क मार्गों की दशा नहीं सुधारी जा रही है। दिवाली के बाद शहर की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने की जरूरत रहती है। पावंटा के शहरी और साथ लगती बद्रीपुर समेत पड़ोसी पंचायतों में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। कुछ स्थलों पर सड़कों के किनारे गंदगी के ढेर लगे हैं। इससे शहर की सुंदरता पर दाग लगता है। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि ओल्ड ऐज होम सेंटर पांवटा में खोला जाए। प्रदेश सरकार व प्रशासन इस मांग पर गंभीरता से विचार करे।