अमर उजाला ब्यूरो
संगड़ाह (सिरमौर)।
जनपद सिरमौर के पहाड़ी इलाके सूखी ठंड की चपेट में आ गए हैं। क्षेत्र के हरिपुरधार, संगड़ाह, नौहराधार, बोगधार, गत्ताधार क्षेत्र में आसमान पर बादल छाए हुए हैं। दो दिन से यहां कभी धूप कभी छांव की आंख मचौली चल रही है जिससे पारा काफी नीचे गिर गया है।
शुक्रवार को इन इलाकों में आसमान पर दिनभर बादल छाए रहे। अधिकतर लोग अपने घरों के भीतर ही दुबके नजर आए। पिछले लंबे समय से क्षेत्र में बारिश भी नहीं हो रही है जिस कारण किसान फसलों की बुआई तक नहीं कर पा रहे हैं। किसान इंतजार में बैठे हैं कि कब बारिश हो और वह कब गेहूं की बुआई कर पाएं।
क्षेत्र के कुछ ही किसानों ने गेहूं की बुआई को अंजाम दिया है। वह भी केवल उन किसानों ने जिनके खेतों को सिंचाई का पानी उपलब्ध है। इलाके का 60 फीसदी से ज्यादा हिस्सा ऐसा है जहां सिंचाई का कोई साधन नहीं है। पिछले काफी लंबे समय से ऐसे किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। आसमान में उमड़े बादलों को देख शुक्रवार को बारिश होने की पूरी संभावना बनी हुई थी लेकिन बारिश नहीं होने से किसानों की उम्मीदों पर एक बार फिर पानी फिर गया।
क्षेत्र के किसान उजागर सिंह, रामलाल, कपिल कुमार व उदय सिंह ने बताया कि पिछले डेढ़ माह से क्षेत्र में बारिश नहीं हो पाई है। इससे किसानों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं। उन्होंने बताया कि कई किसान अभी तक गेहूं की बिजाई नहीं कर पाए हैं। खेतों में नमी न होने के कारण गेहूं की बिजाई का समय बीतता जा रहा है।
बहरहाल, शुक्रवार को गिरिपार इलाका ठंड की चपेट में रहा। बाजारों में लोगों की चहल-पहल भी काफी कम रही।