अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। धौलाकुआं क्षेत्र की एक इकाई ने अचानक 120 कामगारों के लिए गेट बंद कर दिया। बिना पूर्व नोटिस के कंपनी के कदम से कामगारों में रोष व्याप्त है। इसके बारे में श्रम अधिकारी और श्रम निरीक्षक से उचित कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, इकाई प्रबंधन का कहना है कि ठेकेदार के अधीन ये मजदूर कार्यरत हैं। ठेकेदार को पहले ही लिखित नोटिस दिया गया था।
धौलाकुआं की एक इकाई में कार्यरत करीब 120 कर्मचारियों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व नोटिस के गेट बंद कर दिया है। दो दिन पहले कंपनी के ठेकेदार और कंपनी कर्मी के बीच मामूली नोकझोंक हुई थी। इससे कंपनी ने सिर्फ एक तरफा कार्रवाई शुरू कर दी है। ठेकेदार कर्मी को कंपनी से निकाल दिया है। वहीं, धौलाकुआं कंपनी के एक अधिकारी का कहना है कि ठेकेदार को लिखित में कल ही नोटिस दे दिया था। पिछले आठ माह से ठेकेदार कंपनी में ठीक से काम नहीं कर रहा है। श्रम अधिकारी चंद्रमणि शर्मा और श्रम निरीक्षक पांवटा सोहन लाल जलोटा ने कहा कि लिखित शिकायत नहीं मिली है। फिर भी दोनों पक्षों के बीच वार्ता से कोई हल निकालने के प्रयास होंगे, जिससे इकाई प्रबंधन, ठेकेदार और कामगारों के बीच शीघ्र कोई समझौता हो सके।