अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा में समाजसेवियों की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें यमुना करुणा संस्था का गठन किया गया। संस्था का मुख्य उद्देश्य हादसों में गंभीर लोगों व बीमार रोगियों की सहायता रहेगा।
वीरवार को पांवटा के होटल पॉल रिजेंसी में करुणा संस्था के गठन के बाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. प्रवेश सबलोक को अध्यक्ष, एनपीएस सहोता को उपाध्यक्ष, शांति स्वरूप गुप्ता को सचिव, हरिश वैश को कोषाध्यक्ष चुना गया है।
कार्यकारिणी सदस्यों में राजेश खंडूजा, करमवीर सिंह, हरदेश बतरा, अशोक गोयल, अरुण गोयल, अनिल कुमार सैनी व डॉ. राजीव गुप्ता शामिल हैं। प्रथम बैठक में निर्णय लिया गया कि संस्थान प्राथमिकता के आधार पर ऐसे मरीजों के लिए कार्य करेगी, जिनको देखभाल व सही समय पर जरूरी दवाइयों की जरूरत होती है।
संस्था ने फैसला लिया है कि मानसिक विक्षिप्त, मेंटल इमोशनल, सोशल व स्पिरिचुअल सहायता दी जाएगी। मरीजों की सही देखभाल करने वालों को बेहतर ढंग से देखभाल की विधियों की भी जानकारी दी जाएगी।
बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है कि एक ऐसा स्थल बनाने की योजना है, जहां पर बेसहारा मरीजों को रखा जाए। इनके बेहतर सेवा व देखभाल हो सकें। सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि संस्था का एकमात्र उद्देश्य सब को बेहतर दर्द रहित जिंदगी को जीने का सलिका व सहारा देना रहेगा।