कमरे में फंदे से झूला 23 साल का युवक, मौत
बेड़ोन में की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। प्रसिद्ध तीर्थ स्थली रेणुका से सटे बेड़ोन में 23 साल के एक युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल ददाहू में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उधर, रेणुका पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक बेड़ोन में 23 वर्षीय एक युवक ने शुक्रवार सुबह अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद परिजनों ने युवक को ददाहू अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, पुलिस को प्रारंभिक जांच के दौरान युवक के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि युवक पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। युवक ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। मामले की पुष्टि एएसपी सिरमौर वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश में जुटी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि युवक के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।