पांवटा साहिब (सिरमौर)। ट्रक ऑपरेटरों की देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही। चार दिन में ही सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन को 1.20 करोड़ से अधिक नुकसान हो चुका है। सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन समेत विभिन्न ट्रक यूनियनों के 900 से अधिक ट्रक अभी भी विभिन्न बाहरी राज्यों में फंसे हुए हैं।
सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन के प्रधान बलजीत सिंह नागरा ने कहा कि सोमवार को चौथे दिन भी हड़ताल जारी रही। इस दौरान सिरमौर ट्रक ऑपरेटर, सतौन, कमरऊ, खोड़ोवाला गिरिपार ट्रक और टेंपो यूनियनों की करीब ढाई हजार से अधिक छोटी-बड़ी गाड़ियों के पहिये थमे हुए हैं। ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि चार दिन में ही हड़ताल से ट्रक यूनियनों को करीब 1.20 करोड़ से ज्यादा नुकसान हो चुका है। जबकि, सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों की आपूर्ति बाधित रहने से करोड़ों की क्षति हो रही है। उन्होंने कहा कि जीवन की जरूरतों की वस्तुओं को नहीं रोका गया है, जिसमें सब्जियां, फल, पेट्रोल-डीजल आदि शामिल हैं। केंद्रीय और राज्य इकाइयों की ओर से हड़ताल समाप्त करने का आह्वान होने तक हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान रोजमर्रा सामग्री के वाहनों को नहीं रोका जा रहा है।
कच्चा माल लेकर पहुंचे दो दर्जन ट्रक
कालाअंब (सिरमौर) ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट की देशव्यापी हड़ताल के चौथे दिन सोमवार को बाहरी राज्यों से औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का कच्चा माल लेकर लगभग दो दर्जन ट्रक पहुंचे। महाराष्ट्र, गुजरात और मध्यप्रदेश से ये ट्रक हड़ताल शुरू होने से दस-पंद्रह दिन पहले रवाना हुए थे लेकिन बीच रास्ते में हड़ताल की खबर सुनकर इनके पहिये थम गए थे। सोमवार को माल लेकर कालाअंब पहुंचे ट्रकों में आधा दर्जन गाड़ियां कालाअंब, नारायणगढ़, यमुनानगर, साढौरा और अंबाला आदि क्षेत्रों की बताई जा रही हैं। अभी भी कई ट्रक बाहरी राज्यों में फंसे हैं।
पांवटा से सीमेंट, दवाइयां, चूना पत्थर और स्टील इकाइयों की जिले से बाहर आपूर्ति चार दिन से बंद है। इसके चलते करोड़ों का चूना हर दिन जिला इकाइयों को लग रहा है। कई छोटी इकाइयों को काफी दिक्कतें आ रही हैं। लघु इकाइयों की हड़ताल लंबी खिंचने पर मजदूरों को बिठा कर मजदूरी देना कठिन होगा। तैयार माल जिले से बाहर नहीं भेज पा रहे हैं।- सतीश गोयल, अध्यक्ष हिमाचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज पांवटा साहिब।