‘लागा ढोलो रा धमाका...’ गीत पर मचाया धमाल
चौरास स्कूल में धूमधाम से मनाया वार्षिकोत्सव
मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
नौहराधार (सिरमौर)।
राजकीय उच्च विद्यालय चौरास में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की धूम रही। समारोह में नायब तहसीलदार हीरा सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का आगाज करते हुए छात्राओं ने स्वागत गीत व वंदे मातरम् पेश किया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर प्रदेश की विविध संस्कृति को मंच पर बिखेरा। बच्चों ने सामाजिक बुराइयों पर नाटक मंचन भी किए।
दसवीं कक्षा की छात्राओं ने ‘देश रंगीला मेरा देश’ की प्रस्तुति पर खूब वाहवाही लूटी। वहीं सिरमौरी लोकनृत्य में बच्चों ने ‘रेणुका माइये महा माइये’, ‘रोहड़ू जाना मेरी आमीये’, ‘हाथ कोटा पायनी दाचिये’, लागा ढोलो रा धमाका मेरा हिमाचलो बड़ा बांका’ आदि पहाड़ी गीतों पर आकर्षक नृत्य भी पेश किया। अंत में छोटे बच्चों ने भंगड़ा पेशकर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।
इससे पूर्व मुख्याध्यापक अश्वनी कुमार ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर स्कूल की उपलब्धियों से अवगत कराया। स्कूल के टीजीटी रवि कुमार ने वर्षभर की गतिविधियों को सबके सामने रखा और स्कूल प्रबंधन समिति का परस्पर सहयोग करने पर आभार भी जताया। इस मौके पर मुख्याध्यापक व एसएमसी प्रधान ओमप्रकाश ने मुख्यातिथि को शाल-टोपी व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया।
बाक्स--
इन विद्यार्थियों को मिला सम्मान
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने स्कूल के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया। दसवीं कक्षा में बेहतरीन अंक हासिल करने के लिए विशाल ठाकुर व नितिका, नवमी कक्षा के अभिषेक व शीतल को सम्मानित किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता में राज्यस्तर पर वॉलीबाल स्पर्धा में बढ़िया प्रदर्शन के लिए अमन व सविता, जिलास्तरीय वादविवाद प्रतियोगिता में आदित्य धीमान को पुरस्कृत किया गया।
वहीं मुख्यातिथि ने मेधावी छात्रों को प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी वरीयता प्रमाण पत्र भी दिए गए। इस मौके पर घंडूरी पाठशाला के मुख्याध्यापक श्याम मुरारी, मनोज कुमार, रणवीर सिंह, अनुराधा, गुलाब सिंह, अमर सिंह, चेतराम व विक्रम आदि उपस्थित रहे।
------------कपिल, हितेश