अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
जिला हमीरपुर में 13 व 14 नवंबर को आयोजित होने वाली सीनियर वर्ग की स्टेट ओपन कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला सिरमौर से दो टीमें रविवार को रवाना हुई। प्रतियोगिता में जिला सिरमौर की महिला व पुरुष वर्ग टीमें ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के लिए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगी।
स्टेट एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में सिरमौर महिला टीम से प्रो. कबड्डी में स्टोर्म क्वीन से विख्यात शिलाई की होनहार खिलाड़ी अंजू भी दमखम दिखाएंगी।
डिस्ट्रिक एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन सिरमौर टीम के महासचिव व टीम कोच जीएस नेगी व अतर सिंगटा ने कहा कि महिला व पुरुष वर्ग की टीमें स्टेट सीनियर कबड्डी के लिए चयनित हो चुकी हैं।
रविवार को दोनों वर्गों की टीमें पांवटा से हमीरपुर के लिए रवाना हो गई हैं। पुरुष वर्ग की टीम के नेतृत्व अमित व महिला टीम का नेतृत्व ललिता करेंगी।
उन्होंने बताया कि टीम के साथ पूरन सिंह व नाथू राम बतौर मैनेजर रवाना हुए हैं। जीएस नेगी ने बताया कि गिरिपार की प्रतिभाशाली प्रो कबड्डी में स्टोर्म क्वीन से खेल चुकी शिलाई की अंजू प्रतियोगिता में सिरमौर टीम से खेलेगी। जिला टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें हैं।