ददाहू (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू के छात्र अब निजी स्कूलों के छात्रों को टक्कर दे पाएंगे। इस स्कूल में नौवीं व दसवीं कक्षा के बच्चों को सभी विषय अब अंग्रेजी में पढ़ाए जाएंगे। स्कूलों में बढ़ रही प्रतिस्पर्धा की भावना को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रबंधन ने मंगलवार को यह फैसला लिया। जिससे बच्चे निजी स्कूलों की ओर आकर्षित न हों। स्कूल के प्रधानाचार्य सुनील शर्मा ने बताया कि अभिभावकों की मांग पर नौवीं व दसवी के छात्रों का एक अलग सेक्शन बनाकर उन्हें सभी विषय अंग्रेजी में पढ़ाए जाएंगे। जिसको लेकर शिक्षकों की व्यवस्था भी स्कूल प्रबंधन खुद करेगा। उन्होंने बताया कि स्कूल में प्रवेश की अंतिम तिथि 20 अप्रैल तक शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित की गई है। इसके बाद 30 अप्रैल तक विलंब शुल्क के साथ प्रवेश दिया जाएगा।
ददाहू स्कूल प्रबंधन के इस फैसले की क्षेत्र से जुड़े कई अभिभावकों ने सराहना की है। इससे बच्चों का सरकारी स्कूलों में दाखिला लेने के प्रति रुझान भी बढ़ेगा तथा बच्चे पढ़ाई में निजी स्कूलों को भी चुनौती दे पाएंगे।