अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में बने रेडक्रॉस भवन में रोगियों के तीमारदार महज 30 रुपये में ठहर सकेंगे। इसके लिए यहां पर दस बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। इस हॉल में आवश्यकता के अनुसार और बिस्तर लगाने की भी सोसायटी की योजना है। उपायुक्त सिरमौर एवं अध्यक्ष रेडक्रॉस सोसायटी ललित जैन ने सोसायटी की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।
उपायुक्त ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी के सभी आजीवन सदस्यों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। जिला में रेडक्रॉस सोसायटी के नए सदस्य बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक आजीवन सदस्यों को पांच-पांच नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला के सभी उपमंडल स्तर पर भी एक-एक सौ नए सदस्य बनाए जाएंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अक्तूबर में नाहन के चौगान और दिसंबर माह में पांवटा साहिब में रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा ताकि रेडक्रॉस सोसायटी की आय में बढ़ोतरी की जा सके। अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर आठ मई को जिला परिषद के सभागार में एक भव्य समारोह किया जाएगा। समारोह में रेफरल ड्रॉ भी निकाला जाएगा जिसमें विजेताओं को आकर्षक ईनाम दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। उपायुक्त ने कहा कि रेडक्रॉस में उदारता से योगदान देने वाले लोगों को सोसायटी सम्मानित करेगी।
त्रिलोकपुर में माता बालासुंदरी न्यास के माध्यम से शीघ्र ही वृद्धाश्रम क्रियाशील बनाया जाएगा जिसमें एक सौ वृद्ध व्यक्तियों के ठहरने की सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि इस आश्रम में वृद्ध व्यक्तियों के स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था होगी। इसके अतिरिक्त त्रिलोकपुर में रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से विभिन्न रोगों की जांच के लिए प्रयोगशाला भी स्थापित की जाएगी। बैठक में सहायक आयुक्त एसएस राठौर, गैर सरकारी सदस्य संजय गुप्ता, एसपी जैरथ, राजेंद्र बंसल, अमर सिंह चौहान, सुरेश जोशी आदि उपस्थित थे।