अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा विस क्षेत्र के खोदरी माजरी में शराब के ठेके का विरोध शुरू हो गया है। स्थानीय महिलाओं ने नए खुले ठेके के बाहर मंगलवार को धरना किया। महिलाओं ने शराब ठेके के विरोध में प्रशासन के खिलाफ भी जोरदार नारेबाजी की।
खोदरी माजरी निवासी सावित्री देवी, रूकमी देवी, शर्मिला देवी, निमा देवी, रिता देवी, ऊषा देवी व निशा देवी ने कहा कि खोदरी माजरी में शराब का ठेका खुलने से उत्तराखंड के शराबी गांव के साथ लगते जंगलों में शराब पीकर हुड़दंग करते हैं। आसपास के जंगल में घास पत्ती लेने जाने वाली महिलाओं के साथ बदसलूकी व छेड़छाड़ करते हैं। साथ ही सड़कों के किनारे बैठे शराबी स्कूल से आते जाते समय लड़कियों को तंज कस कर परेशान भी करते हैं।
इसलिए पिछले साल जब गांव के पास शराब का ठेका खुला था उस वक्त भी महिलाओं ने खूब विरोध किया था लेकिन तब स्थानीय प्रशासन ने महिलाओं को आश्वासन दिया था कि यहां ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। फिर कैसे इस बार शराब ठेके का टेंडर हो गया है।
आश्वासन मिला था कि अगली बार यहां पर ठेके का टेंडर ही नहीं किया जाएगा। तब उस शर्त पर वहां पर ठेका चालू हुआ था लेकिन प्रशासन ने इस बार फिर से खोदरी माजरी में शराब का ठेका खोल दिया है जिसका महिलाएं विरोध कर रही है। गांव की महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक शराब का ठेका बंद नहीं हुआ तब तक आसपास गांव की महिलाएं धरना प्रदर्शन करेंगी।