अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
राज्य मुक्त विद्यालय के विद्यार्थी के लिए अच्छी खबर है। एसओएस के विद्यार्थियों को पढ़ाई करने के लिए अब संगड़ाह नहीं जाना पड़ेगा। ओपन स्कूल से परीक्षा की तैयारी करने वाले ऐसे छात्रों की कक्षाएं अब ददाहू स्कूल में ही लगाई जाएंगी।
बोर्ड ने बाकायदा इस बारे में आदेश जारी करके एसओएस के विद्यार्थियों को बड़ी राहत प्रदान की है।
उल्लेखनीय है कि एसओएस का परीक्षा केंद्र ददाहू में स्थित होने के कारण उन्हें अपनी कक्षाएं लगाने के लिए संगड़ाह जाना पड़ रहा है। ददाहू में एसओएस के विद्यार्थियों की संख्या 103 है। जबकि, वर्ष 2012 से ही ददाहू स्कूल का एसओएस का केंद्र बनाया गया था, जहां शिक्षा व परीक्षाएं ददाहू में ही ली जा रही थीं लेकिन सितंबर माह से शिक्षा विभाग ने एसओएस के विद्यार्थियों के लिए नया फरमान जारी करते हुए उपमंडल स्तर पर कक्षाएं लगाने के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद विद्यार्थियों को अपनी कक्षाएं लगाने के लिए संगड़ाह जाने पर विवश होना पड़ा।
इस समस्या को ध्यान में रखते हुए बीते 2 दिसंबर को अमर उजाला ने परीक्षा केंद्र ददाहू में पढ़ाई के लिए अब जाना पड़ेगा संगड़ाह शीर्षक से एक खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करने के साथ ही विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। इस पर संज्ञान लेते हुए शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों की कक्षा परीक्षाएं केंद्र के साथ ही लगाने के आदेश प्रदान किए। ददाहू स्कूल में प्रवेश ले चुके एसओएस के 103 विद्यार्थियों की कक्षाएं अब 24 दिसंबर से ददाहू में आयोजित की जाएंगी। अब उन्हें पढ़ने के लिए संगड़ाह नहीं जाना पड़ेगा। पढ़ाई के बाद परीक्षाएं भी ददाहू में ही ली जाएंगी।
उधर, एसओएस के केंद्र प्रभारी व ददाहू स्कूल के प्रधानाचार्य सुनील शर्मा ने बताया कि 24 दिसंबर से एसओएस की कक्षाओं को ददाहू में ही लगाया जाएगा। एसओएस में प्रवेश ले चुके सभी विद्यार्थी अपने पुस्तकें केंद्र से प्राप्त करने के साथ अपनी पढ़ाई भी शुरू कर सकते हैं। इस बारे में उन्हें आदेश मिल चुके हैं।
--------------