अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के मद्देनजर व्यापारियों की बढ़ती तादाद और उत्साह को देखते हुए राजस्व विभाग ने मेला मैदान में 32 अतिरिक्त प्लॉट तैयार किए हैं। इससे बोर्ड को करीब 50 से 60 हजार रुपये के करीब आय होने की उम्मीद है। मेले को लेकर व्यापारियों का आना लगातार जारी है। लेकिन, मेला मैदान में तैयार किए गए सभी 650 प्लॉट मात्र तीन दिन में बिक जाने के कारण राजस्व विभाग के अधिकारियों ने वीरवार देर शाम को ही पिछली पंक्ति में 15 बाय 15 के 32 प्लॉटों को तैयार करके एक अलग बाजार स्थापित किया, जिससे मेला मैदान में प्लॉटों की कमी को पूरा किया जा सके। 32 प्लॉटों की बिक्री से भी करीब 50 से 60 हजार रुपये के बीच आय होने का अनुमान है। उधर, मेला अधिकारी और ददाहू के तहसीलदार देवी सिंह कौशल ने बताया कि व्यापारियों के लगातार आगमन को देखते हुए 32 अतिरिक्त प्लॉट तैयार किए गए हैं, जिससे व्यापारियों की आवश्यकता को पूरा किया जा सके। पिछली पंक्ति के सभी प्लॉट बिना बोली के दिए जा रहे हैं।
बिजली की लड़ियों से सजा मंदिर परिसर रेणुका मेले में रोशनी इस वर्ष मेलार्थियों के लिए भारी आकर्षण का केंद्र बनेगी। पूरे मेला मैदान सहित मंदिर परिसर को आकर्षक बिजली की लड़ियों और दूधिया रोशनी से पाट दिया गया है। परशुराम ताल के किनारे आधुनिक रोशनी की व्यवस्था की गई है, जिससे रात्रि के दौरान रोशनी का यह प्रतिबिंब ताल के पानी में छलक कर अद्भुत छठा बिखेर रहा है। रोशनी के ट्रायल को लेकर परशुराम ताल की शोभा देखते ही बन रही है।