108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी
सीटू के साथ हिमाचल किसान सभा भी समर्थन में उतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिले में 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। रविवार को कर्मचारियों ने उपायुक्त कार्यालय परिसर में धरना देकर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। इसके बाद कर्मचारियों ने महिमा लाइब्रेरी के समीप राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से न्यूनतम वेतन, सेवाओं के नियमितीकरण और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया गया है।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें न्यूनतम वेतन अधिनियम के तहत वेतन नहीं मिल रहा है, जबकि वे 12-12 घंटे की कठिन ड्यूटी कर रहे हैं। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग की कि न्यूनतम वेतन अधिनियम को तुरंत लागू किया जाए और कर्मचारियों को नियमित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने और प्रदर्शन में सीटू के पदाधिकारी आशीष कुमार सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे और कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। सीटू पदाधिकारियों ने कहा कि एंबुलेंस कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं और उनकी अनदेखी करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
बाक्स-
समर्थन में उतरी किसान सभा, मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
न्यूनतम वेतन और अन्य मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों के समर्थन में हिमाचल किसान सभा भी उतर आई है। किसान सभा ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से जल्द समाधान करने की मांग की है। किसान सभा के पदाधिकारी राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि एंबुलेंस कर्मचारी कई बार हड़ताल कर चुके हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं की ओर गंभीरता नहीं दिखा रही है। राजेंद्र ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि एनएचएम और सरकार ने जल्द कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया तो किसान सभा आंदोलन तेज करेगी और कर्मचारियों के समर्थन में सड़कों पर उतरेगी। संवाद
नाहन में एनएचएम के एमडी का पुतला फूंकते 108 और 102 एंबुलेंस कर्मी।संवाद