अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
भगवान परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर मंगलवार शाम ददाहू में भगवान परशुराम की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान देवताओं ने भी अपनी हाजिरी भरी जिनके दर्शन पाने के लिए लोग सड़कों पर उतर आए। बैंडबाजों, ढोल-नगाड़ों व लोक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ निकाली गई इस शोभायात्रा के चलते ददाहू नगरी भक्तिमय हो गई। पहरा कस्बा भगवान परशुराम के जयकारे से गूंज उठा।
शोभायात्रा दोपहर बाद तहसील प्रांगण से शुरू हुई जो थाना परिसर, ददाहूू बाजार, गिरिपुल, बडौन, देवशिला, मेला मैदान व रेणु मंच से होते हुए सांझ ढलने से पूर्व प्राचीन देवालय परिसर में पहुंची। यहां पर देवताओं को विधिवत श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिरों में स्थापित किया गया। इससे पूर्व दोपहर को सभी देव पालकियों को ददाहू के तहसील प्रांगण में स्थापित किया गया था जहां ददाहू के तहसीलदार देवी सिंह कौशल, नायब तहसीलदार जसमेर सिंह, एएसआई मेहरचंद, रेणुका विकास बोर्ड के सीईओ रविंद्र गुप्ता, ददाहू पंचायत की प्रधान शकुंतला देवी, खाला क्यार पंचायत की प्रधान नीलम चौहान व ददाहू के उपप्रधान पंकज गर्ग सहित महिला मंडल, स्वामी दयानंद भारती व मोहन पुरी ने देवताओं का विधिवत स्वागत करने के बाद देवताओं की रवानगी की।
भगवान परशुराम की शोभायात्रा के चलते नवयुवक मंडल ग्राम पंचायत ददाहू, व्यापार मंडल व विभिन्न संगठनों व समुदाय के लोगों ने शरबत, हलवा, चाय पकौड़ा, कोल्डड्रिंक, कड़ी-चावल आदि खाद्य पदार्थों की छबील लगाकर दिनभर श्रद्धालुओं की सेवा की।
इस शोभा यात्रा में भगवान परशुराम सेवादल, व्यापार मंडल, नवयुवक मंडल, महिला मंडल सहित, स्कूली छात्र-छात्राओं व ग्रामीणों ने भाग लिया।
---