अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
कोलर पंचायत के गढ़ीवाला स्थित प्राथमिक स्कूल को जल्द अपना भवन मिलेगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने कवायद आरंभ कर दी है। गत दिवस शिक्षा और वन विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूल का निरीक्षण किया। झोपड़ी के आसपास ही लगभग दो बीघा जमीन स्कूल भवन के निर्माण के लिए चिन्हित की गई है। इसमें भवन के साथ खेल मैदान का भी प्रावधान होगा। जल्द ही इसकी प्रपोजल तैयार कर आरओ कोलर के माध्यम से उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
कोलर पंचायत क्षेत्र में गुज्जर समुदाय के घुमंतू परिवार रहते हैं। वर्ष 2014 से गढ़ीवाला में प्राथमिक पाठशाला संचालित हो रही है जिसमें करीब 17 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। भीषण गर्मी हो या फिर कड़ाके की ठंड हो। स्कूली बच्चों की कक्षाएं एक झोपड़ी के बरामदे में संचालित होती हैं। इसी के भीतर एक तरफ परिवार के पास स्कूल की अलमारी व समान ठूंस कर रखा है। पांच जनवरी को ‘अमर उजाला’ ने ‘घने जंगल के बीच झोपड़ी में चल रहा गढ़ीवाला प्राइमरी स्कूल...’शीर्षक के साथ यह मामला प्रमुखता से उठाया था।
उप शिक्षा निदेशक सिरमौर ने इस स्कूल का दौरा किया था। इसके बाद से अब इस स्कूल को अपना भवन होने की उम्मींदे बंध गई हैं। ‘अमर उजाला’ में छपी खबर पर कड़ा सज्ञान लेते हुए यहां पर स्कूल भवन के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आरंभ हो गई है।
खंड समन्वयक स्रोत माजरा अजय गुप्ता ने कहा कि संयुक्त टीम ने गढ़ीवाला का दौरा किया। स्कूल भवन के लिए चिन्हित भूमि की विस्तृत रिपोर्ट आरओ माजरा के माध्यम से डीएफओ नाहन समेत उच्चाधिकारियों को मंजूरी के लिए भेजी जाएगी। टीम में आरओ कोलर कर्ण सिंह, बीओ राजेंद्र सिंह, प्रभारी जाटावाला बीट सिद्धार्थ भारद्वाज, ग्राम पंचायत कोलर प्रधान अमर सिंह, प्रधान एफआरसी समिति सुखचैनपुर हरि शरण, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी माजरा बनवारी लाल, बीआरसी माजरा अजय गुप्ता उपस्थित थे।
इस अवसर पर सीएचटी सुखचैनपुर किरन राणा, सीएचटी माजरा रमेश चंद, गुज्जर समुदाय के स्थानीय इकाई प्रधान यूसुफ, विद्यालय प्रबंधन समिति प्रधान मस्तू, घुम्मन, शमशेर समेत स्कूल स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।