अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।जनपद सिरमौर की पांच विधानसभा क्षेत्रों में 19 प्रत्याशी अब चुनावी मैदान में हैं। वीरवार को पच्छाद व शिलाई विधानसभा क्षेत्रों से एक-एक प्रत्याशी ने अपना आवेदन वापस ले लिया है। पहले चुनावी दंगल में जिला सिरमौर से कुल 26 प्रत्याशी मैदान में थे लेकिन छंटनी प्रक्रिया के दौरान पांच उम्मीदवारों के नामांकन रद्द कर दिए गए।
इसके बाद 21 प्रत्याशी मैदान में शेष थे। नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया के दौरान पच्छाद से बलदेव कश्यप व शिलाई से कपिल देव ने अपना नाम वापस ले किया है। अब 19 प्रत्याशियों के बीच अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों में मुकाबला होगा। पच्छाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से गंगूराम मुसाफिर, भाजपा से सुरेश कश्यप व निर्दलीय उम्मीदवार रतन कश्यप मैदान में हैं।
नाहन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अजय सोलंकी, भाजपा से डॉ. राजीव बिंदल, सीपीआईएम से विश्वनाथ, लोक गठबंधन पार्टी से वीरेंद्र शर्मा व बीएसपी से जयचंद चुनावी अखाड़े में हैं। नाहन में किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया।
वहीं रेणुकाजी विधानसभा में भी तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा प्रत्याशी बलबीर सिंह, कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार और हृदयराम चौहान निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर आमने सामने हैं।
पांवटा साहिब विस से सात में से चार प्रत्याशी कांग्रेस से किरनेश जंग, भाजपा से सुखराम चौधरी, लोक गठबंधन पार्टी से मीना कुमारी व निर्दलीय सुरेंद्र सिंह चुनाव मैदान में हैं।
शिलाई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी हर्षवर्धन चौहान, भाजपा से बलदेव तोमर, स्वाभिमान पार्टी से मनीराम व बहुजन समाजवादी पार्टी से केदार सिंह मैदान में हैं।