अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।मां-पुत्र के मिलन के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रेणुका जी तीर्थ में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। रेणुका मेला 30 अक्तूबर से शुरू होकर 4 नवंबर तक चलेगा। उधर मंदिर परिसर की शोभा देखते ही बन रही है। भगवान परशुराम के प्राचीन मंदिर(प्राणी देवठी) का जीर्णोद्धार करके उसको नया व भव्य रूप दिया गया है जिससे भगवान परशुराम मंदिर अधिक आकर्षक दिखाई दे रहा है।
मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार पर करीब 12 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। मंदिर परिसर को भी नया रूप दिया गया है जिससे मेले के दौरान श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उधर, वीरवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए मैट की व्यवस्था भी कर दी गई।
ददाहू के एक कपड़ा व्यवसायी कैलाश चंद अग्रवाल द्वारा मंदिर परिसर को 260 फीटमैट भेंट किया गया है। इससे श्रद्धालुओं को गर्मी व सर्दी में राहत मिलेगी। मैट बिछते ही मंदिर परिसर की शोभा में चार चांद लग गए हैं। रेणुका विकास बोर्ड के सीईओ रविंद्र गुप्ता ने बताया कि रेणुका मेले की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। भगवान परशुराम मंदिर का भी 12 लाख रुपये से जीर्णोद्धार किया गया है।