अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा और माजरा थाना संयुक्त टीम ने बुधवार को खारा के जंगल क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान अवैध रूप से चल रही कच्ची शराब की भट्ठियों को नष्ट किया गया। पुलिस टीम ने लगभग 20 भट्ठियों को तहस-नहस कर दिया है। जबकि करीब 75 ड्रमों में शराब तैयार करने को रखी गई 13000 लीटर लाहण भी नष्ट की। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले इस गोरखधंधे से जुड़े लोग फरार हो गए।
डीएसपी पांवटा को गुप्ता सूचना मिली थी कि विधानसभा चुनाव होने के कारण खारा जंगल में फिर से अवैध कच्ची शराब तैयार करने वाला माफिया सक्रिय हो गया है। पुख्ता सूचना जुटाने के बाद डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान, माजरा पुलिस थाना प्रभारी सेवा सिंह, मुख्य आरक्षी मामराज, संजय कुमार, जय प्रकाश, आरक्षी सुभाष, नवीन कुमार व विपिन को मिलाकर 2 टीमें गठित कर दी गईं। टीमों ने सुबह तड़के 4:30 बजे खारा जंगल के टोका व खारा की तरफ से छापेमारी शुरू हुई।
इस दौरान जंबू खाला, नींबू खड्ड, अब्भी खड्ड व सुखा खड्ड की तरफ से छापेमारी की गई। इनमें करीब 20 अवैध शराब तैयार करने वाली भट्ठियां चल रही थीं। मौके पर ही अवैध शराब, लाहन को नष्ट कर दिया गया।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि बीस शराब की भट्ठियां नष्ट की गई हैं। 75ड्रमों में भरी करीब 13000 लीटर लाहन नष्ट की गई हैं। क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर नजर रखी जा रही है।
बाक्स...
अप्रैल महीने में वन विभाग टीम को भी मिली थी सफलता
पांवटा (सिरमौर)। 12 अप्रैल 2017 को वन विभागीय टीम ने भी खारा में छापेमारी की थी। खारा जंगल क्षेत्र से 14 अवैध शराब की भट्ठियां, 41 ड्रम में से 3000 लीटर लाहन तथा 40 लीटर अवैध कच्ची शराब को नष्ट करने में सफलता प्राप्त की थी।