राजगढ़ में शराब की पेटियों के साथ पकड़ी पिकअप व आरोपी। स्रोत विभाग
-यातायात जांच के दौरान पिकअप से बरामद हुई शराब, चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजगढ़ उपमंडल के शायाघाट में एक पिकअप वाहन से 100 पेटी देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की खेप के साथ वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस चौकी यशवंतनगर की टीम शनिवार को नियमित गश्त एवं यातायात जांच पर थी। इसी दौरान शायाघाट के समीप सनौरा की ओर से आ रही एक पिकअप (एचपी-63ए-2142) को जांच के लिए रोका गया। चालक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में रखी गत्ते की पेटियों से पैराडाइज संतरा ब्रांड की 100 पेटी देसी शराब बरामद हुई। सभी बोतलों पर सेल इन हिमाचल ऑनली अंकित था।
पुलिस पूछताछ में चालक बरामद शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब की पूरी खेप और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।-
राजगढ़ में शराब की पेटियों के साथ पकड़ी पिकअप व आरोपी। स्रोत विभाग