जलशक्ति मंडल राजगढ़ के तहत होगी तैनाती, 4 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/राजगढ़ (सिरमौर)। जलशक्ति मंडल राजगढ़ में विभिन्न पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए अंशकालीन आधार पर 10 पद भरे जाएंगे। इसके लिए पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थी 4 जुलाई तक जलशक्ति मंडल कार्यालय राजगढ़ में आवेदन कर सकते हैं।
अधिशाषी अभियंता जलशक्ति मंडल राजगढ़ ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के तहत पैरा पंप चालक के चार, पैरा फिटर के दो तथा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता के चार पद भरे जाएंगे। सभी नियुक्तियां अंशकालीन आधार पर की जाएंगी, ताकि क्षेत्र की पेयजल योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि पैरा पंप चालक के चार पदों में दो पद अनारक्षित, एक अनुसूचित जाति तथा एक अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं। वहीं पैरा फिटर के दो पदों में एक अनुसूचित जाति और एक अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित किया गया है।
बहुउद्देशीय कार्यकर्ता के चार पदों में दो अनारक्षित, एक अनुसूचित जाति और एक अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित रखा गया है। अभ्यर्थी अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित डाक के माध्यम से अथवा स्वयं जलशक्ति मंडल राजगढ़ के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पैरा पंप चालक पद के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, डीजल मैकेनिक, पंप ऑपरेटर अथवा पंप संचालन एवं रखरखाव ट्रेड में आईटीआई प्रमाण पत्र धारक होना आवश्यक है। इसके साथ न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है।
पैरा फिटर पद के लिए अभ्यर्थी के पास मान्यता प्राप्त आईटीआई से फिटर ट्रेड में प्रमाण पत्र और न्यूनतम 10वीं पास योग्यता होना जरूरी है। बहुउद्देशीय कार्यकर्ता पद के लिए राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त विद्यालय से कम से कम आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य रखा गया है। भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा हिमाचली प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और चरित्र प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज आवेदन के साथ संलग्न करने होंगे।