-वार्डबंदी को लेकर पंचायत विभाग ने शुरू की तैयारी, संबंधित पंचायतों के बीडीओ और एसडीएम को जारी हुए निर्देश
-नईं पंचायतें मिलने के बाद सिरमौर में पंचायतों की संख्या हुई 269, संबंधित क्षेत्र के लोगों ने ली राहत की सांस
धर्म सिंह तोमर
नाहन (सिरमौर)। आखिरकार सिरमौर जिले को 10 नई पंचायतें मिल गईं हैं। इसको लेकर सरकार की तरफ से अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना जारी होने के बाद संबंधित पंचायतों के लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों को अब उम्मीद जगी है कि इस बार उनके क्षेत्र में चुनाव नई पंचायत में होगा। उधर, 10 नई पंचायतें मिलने के बाद सिरमौर में कुल पंचायतों का आंकड़ा 269 हो गया है।
वहीं, सरकार की तरफ से अधिसूचना जारी होने के बाद जिला प्रशासन ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। संबंधित पंचायतों के बीडीओ व उपमंडल अधिकारी (नागरिक) को वार्डबंदी को लेकर आदेश जारी किए गए हैं। इसमें संबंधित पंचायतों से जिला परिषद, पंचायत समिति व ग्राम सभा के वार्ड बनाए जाएंगे। यह प्रक्रिया जल्द पूरी करने को लेकर निर्देश दिए गए हैं ताकि मई में समय पर चुनाव प्रक्रिया पूरी की जा सके। सरकार की तरफ से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार विकास खंड राजगढ़ में एक, संगड़ाह में तीन, नाहन में चार व शिलाई में दो नई पंचायत बनाई गई हैं। वर्तमान में जिले में पंचायतों की संख्या 259 है, 10 नईं पंचायतें मिलने के बाद जिले में पंचायतों की संख्या बढ़कर 269 हो गई है।
हालांकि इससे पहले सरकार ने इन पंचायतों का प्रारूप जारी किया था और संबंधित लोगों से दावे, आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए थे। तय समयावधि में मिले दावों पर उपायुक्त सिरमौर की तरफ से विचार किया गया और आवश्यक विनिश्चिय किया गया। इसके बाद अब सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है।
नई अधिसूचना के अनुसार विकास खंड राजगढ़ की ग्राम सभा कोटला बागी और डिब्बर से कंडौली दोची नई पंचायत बनाई गई हैं। इसमें दोनों पंचायतों से धार पभेच, कंडौली, शनाई कुनीसेर, कुफर, मटलोड़ी, लेऊनाना गांव शामिल किए गए हैं।
विकास खंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत सांगना से गाताधार नई पंचायत बनाई गई है। इसमें गाता-मंडवाच गांवों को शामिल किया गया है। ग्राम पंचायत भाटगढ़ से ग्राम पंचायत चाड़ना बनाई गई है। इसमें चाड़ना व कांडो हरयास गांवों को शामिल किया गया है। भवाई ग्राम पंचायत से कुफर-कैंथू पंचायत बनाई गई है। इसमें कुफर कैंथू के गांव शामिल किए गए हैं।
इसी प्रकार विकास खंड नाहन की कालाअंब पंचायत से मोगीनंद और नगल सुकेती दो नईं पंचायतों का गठन किया गया है। दोनों नई पंचायतों में मोगीनंद और नगल सुकेती गांवों को शामिल किया गया है। ग्राम पंचायत मात्तर से नलका पंचायत बनाई गई है। इसमें नलका, भगतावला, अगड़ीवाला, ढ़ाकडावाला, नलीवाला, संभालका गांवों को शामिल किया गया है। ग्राम पंचायत नाहन से ग्राम पंचायत नाहन-2 बनाई गई है। इसमें अवलीवाला गाड़ा, खजूरना, कोटड़ी गांवों को शामिल किया गया है।
शिलाई की ग्राम पंचायत बांदली से सियासू नई पंचायत बनाई गई है। इसमें सियायु, बांदली (पति भुगाड़ी, पंदोग, मालन) गांवों को शामिल किया गया है। वहीं, विकास खंड पच्छाद से दो ग्राम पंचायतों द्राबली व दाड़ो देवरिया से कोटला बरोग नई पंचायत बनाई गई है। इसमें लाना कसार, चबेयोगा-मझेर, नोम तोटू, कोटला बरोग, मोहन, मरयोग गांवों को शामिल किया गया है।
-प्रदेश सरकार ने जिला सिरमौर की 10 नईं पंचायतें गठित करने को लेकर अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के बाद संबंधित क्षेत्रों के खंड विकास अधिकारी व उपमंडल अधिकारी (नागरिक) को पत्र लिखकर वार्डबंदी को कहा गया है ताकि समय पर चुनाव प्रक्रिया आयोजित हो सके।
-विक्रम ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी सिरमौर
संवाद