मालरोड स्थित गेयटी थियेटर के सामने शनिवार दोपहर करीब सवा 12 बजे युवकों ने चाय की दुकान में बैठे एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस दौरान दुकान में रखी मिठाइयों की ट्रे भी फर्श पर गिर गई।
दुकान के भीतर और बाहर लगाए गए कैमरों के सामने दो-तीन रिटेक के बाद सीन ओके हो गया।
मौका था बॉलीवुड फिल्म बैंग-बैंग की शूटिंग का। मालरोड से गुजर रहे लोग आपस में उलझते युवकों को देख हक्के-बक्के रह गए। हालांकि, कैमरों पर नजर पड़ते ही वे सारा माजरा समझ गए।
शूटिंग में सहयोग कर रहे लोकल कोआर्डिनेटर विकास गौतम ने बताया कि फिल्म बैंग-बैंग के शॉट इन दिनों शहर में फिल्माए जा रहे हैं। शहर में शूटिंग का सिलसिला 12 फरवरी तक जारी रहेगा।