रेलवे विभाग ने नवरात्र सीजन के बीच शिमला-कालका रेलवे ट्रैक पर चलने वाली एक स्पेशल ट्रेन को बंद कर दिया है। विभाग की ओर से वीरवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए। इसमें बताया कि नैरो गेज ट्रेनों की कमी के कारण यह फैसला लिया है। इसके तहत 11 अक्तूबर से ट्रेन नंबर 04506 (कालका-शिमला) और 04505 (शिमला-कालका) नैरो गेज स्पेशल ट्रेन को आगामी आदेशों तक बंद करने का फैसला लिया है।
यह ट्रेन सुबह 4:45 बजे कालका से शिमला के लिए चलती है और सुबह 10:05 बजे शिमला रेलवे स्टेशन पहुंचती है। यही ट्रेन दोपहर 2:15 बजे शिमला से कालका के लिए रवाना होती है और रात करीब 8:10 मिनट पर कालका पहुंचती है। रेलवे विभाग के नए आदेशों के शिमला-कालका रेलवे ट्रैक पर अब छह की जगह पांच ट्रेनें ही चलेंगी।
नवरात्र सीजन के लिए पैक चल रहीं थीं ट्रेनें
नवरात्र सीजन को शिमला-कालका रेलवे ट्रैक पर चलने वाली सभी ट्रेनें पैक चल रही थीं। इसी बीच रेलवे विभाग को नैरोगेज कोच की कमी के कारण एक ट्रेन को बंद करना पड़ा है। इससे पश्चिम बंगाल से दुर्गापूजा के लिए शिमला आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा देशभर के विभिन्न राज्यों से भी लोग त्योहरी सीजन के दौरान होने वाली छुट्टियों को देखते हुए पहाड़ों की रानी शिमला घूमने के लिए पहुंच रहे हैं। इसमें से बड़ी संख्या में कई सैलानी होते हैं जो कि विश्व धरोहर रेलवे ट्रैक का लुत्फ उठाते हुए शिमला पहुंचना पसंद करते हैं। रेलवे विभाग के मुताबिक वर्तमान में कालका से शिमला आने वाली सभी ट्रेनें पूरी तरह से पैक हैं। ऐसे में एक ट्रेन बंद होने से ट्रेन से शिमला पहुंचने वाले सैलानियों को परेशानियां झेलनी पड़ेंगी।