प्रदेश में 1493 सिलाई अध्यापिकाएं कार्यरत, मानदेय में बढ़ोतरी
शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया के प्रश्न के उत्तर में पंचायती राज मंत्री ने बताया कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में 1493 सिलाई अध्यापिकाएं कार्यरत हैं। इनमें 1481 दैनिक आधार पर कार्यरत अध्यापिकाओं को 508 रुपये प्रतिदिन की दर से मासिक पारिश्रमिक दिया जा रहा है। वहीं, 12 अनुबंध आधार पर कार्यरत अध्यापिकाओं को 1 अप्रैल 2026 से 10,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है।
स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों के 475 पद रिक्त, बिलासपुर में 31 खाली
झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल के अतारांकित प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के तहत चिकित्सकों के 3,020 पद स्वीकृत हैं। इनमें 2,545 पद भरे हैं, जबकि 475 रिक्त हैं। इनमें जनरल विंग के 293 और विशेषज्ञ चिकित्सकों के 182 पद शामिल हैं। बिलासपुर जिले में चिकित्सकों के 133 स्वीकृत पदों में से 102 भरे हैं और 31 रिक्त हैं। सिविल अस्पताल घवांडल में सात, मारकंड में चार, बड़थीन में तीन और सीएचसी झंडूता में चार पद खाली हैं। सरकार ने कहा कि रिक्त पदों को भरना विभाग की निरंतर प्रक्रिया है।
पुलिस तकनीकी शाखा में 127 पद रिक्त, पदोन्नति का मामला हाईकोर्ट में
जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम सिंह के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने पुलिस संचार एवं तकनीकी सेवा में पदोन्नति ठहराव से इनकार किया। सदन में रखे ब्यौरे के अनुसार तकनीकी शाखा में एएसआई के 77, सब इंस्पेक्टर के 34, इंस्पेक्टर के 12 और डीएसपी के चार पद रिक्त हैं। डीएसपी के पद वर्ष 2020 और 2022 से खाली हैं, जबकि सीधी भर्ती का एक पद 2009 से रिक्त है। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है।