राज्य सचिवालय में मीडिया से बात करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों की भौगोलिक और मौसम संबंधी परिस्थितियां अलग-अलग हैं। ऐसे में पूरे प्रदेश में एक साथ अवकाश घोषित करना व्यावहारिक नहीं है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों को बंद करने का निर्णय जिला स्तर पर ही लिया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिलाधीश जिम्मेदार होंगे। जब किसी जिले में स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया जाएगा तो वहां शिक्षण और गैर-शिक्षण दोनों श्रेणी के कर्मचारियों को भी अवकाश रहेगा। शुक्रवार को राज्य सचिवालय में मीडिया से बात करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों की भौगोलिक और मौसम संबंधी परिस्थितियां अलग-अलग हैं।
विज्ञापन
ऐसे में पूरे प्रदेश में एक साथ अवकाश घोषित करना व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण शुक्रवार को दो जिलों में स्कूल बंद किए गए। प्रदेश सरकार ने करीब दो वर्ष पहले ही यह व्यवस्था लागू कर दी थी ताकि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समय पर निर्णय लिए जा सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संबंधित उपायुक्त मौसम की स्थिति का आकलन कर शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर सकेंगे।