यूला कंडे में स्थित श्रीकृष्ण मंदिर
तहसीलदार अरुण कुमार करेंगे शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर ( किन्नौर)। किन्नौर जिले के यूला कंडे में जिला स्तरीय जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। जिला स्तरीय जन्माष्टमी पर्व का शुभारंभ कार्यवाहक एसडीएम एवं तहसीलदार निचार अरुण कुमार 26 अगस्त को करेंगे। 12778 फुट ऊंचाई पर एक सुंदर पवित्र तालाब के बीच भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर स्थापित है। आयोजक कमेटी के सचिव रंजीत पलसरा ने बताया कि बुशहरी रियासत से यहां श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी मनाने की परंपरा है। इस साल इस तीर्थ स्थल पर लाखों श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। 26 अगस्त को यूला कंडे में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी। इस पवित्र स्थान में किसी भी प्रकार का नशा, मदिरा, तंबाकू का सेवन करना वर्जित है।
श्रद्धालु इन निर्देशों का रखें ध्यान
यूला कंडे में भागवेन नामक स्थान में स्थित पवित्र श्रीकृष्ण मंदिर से लगभग तीन सौ मीटर की दूरी तक टेंट और शेड स्थापित करना सख्त मना है। इस दौरान यहां आने वाले श्रद्धालु अपने साथ लाए खाद्य सामग्रियों के साथ प्लास्टिक का कूड़ा और बोतल इधर-उधर न फेंके, बल्कि अपने बैग में डालकर वापस अपने साथ ले जाएं और कूड़ेदान में डालें। इस संपूर्ण पवित्र क्षेत्र में फूलों और जड़ी-बूटियों के साथ छेड़छाड़ बिना आज्ञा के वर्जित है। कोई श्रद्धालु उल्लंघन करता है, तो उसपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दस हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।