गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया जोरदार स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर। किन्नौर के उरनी गांव की बेटी निशा नेगी ने केरल में आयोजित किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। वहीं ब्लैक बेल्ट भी हासिल की है। निशा ने जिला सहित प्रदेश का नाम रोशन कर गौरवान्वित किया है। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ निशा का भव्य स्वागत किया।
केरल में 10 राज्यों की किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें निशा नेगी ने दमदार प्रदर्शन के बूते स्वर्ण पदक और ब्लैक बेल्ट हासिल की। निशा नेगी किन्नौर की पहली मिक्स मार्शल आर्ट एवं किक बॉक्सिंग खिलाड़ी बनकर प्रेरणा बन चुकी हैं। उरनी गांव पहुंचने पर शहीद सुरेंद्र पाल मेमोरियल क्लब, सोनी स्टार खेल एवं सांस्कृतिक क्लब, देवी दुर्गा खेल एवं सांस्कृतिक क्लब सहित विभिन्न महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों, ग्रामवासियों ने स्वागत समारोह आयोजित किया।
ग्रामीणों ने निशा की इस उपलब्धि को महिला सशक्तीकरण की मिसाल बताते हुए शुभकामनाएं दीं। निशा नेगी ने सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुओं और ग्रामवासियों के सहयोग को दिया।