34 पंचायतों के मुख्यालय में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक की समस्याएं
विज्ञापन
बाईपास निर्माण के लिए 4 किलोमीटर सड़क का हुआ सर्वे, बजट की दरकार आईटीआई से एसडीएम कार्यालय होते हुए देवढांक तक प्रस्तावित है बाईपास का निर्माण राकेश बिनी शर्मा
निरमंड (कुल्लू)। कुल्लू जिले की 34 पंचायतों के उपमंडल मुख्यालय निरमंड में ट्रैफिक की समस्या विकराल हो रही है। एक ओर क्षेत्र में वाहनों की संख्या बढ़ रही है, वहीं पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से मुख्यालय पहुंचने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए क्षेत्र में लंबे समय से बाईपास निर्माण की मांग उठ रही है, जो अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। बाईपास का निर्माण केवल सर्वे तक ही सिमट कर रह गया है। निरमंड कस्बे में तंग सड़क और बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन वाहन चालक और राहगीर परेशानी झेल रहे हैं। संकीर्ण मार्ग पर वाहनों को पार्क किया जा रहा है, जिससे ट्रैफिक की समस्या बनी हुई है और आए दिन जाम लगना आम बात है। कस्बे में सड़क के दोनों ओर पार्क गाड़ियां, ब्लॉक कैंची से बस अड्डे, आईटीआई मोड़ और एसबीआई बैंक के आसपास लगातार वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। इस कारण जाम की समस्या बनी रहती है। निरमंड में कई सरकारी कार्यालय निजी संस्थान हैं, जिससे बाजार में ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। पांच दशक से न क्षेत्र में तंगहाल सड़क का विकल्प मिल पाया है और न पार्किंग की सुविधा मिल पा रही है। ऐसे में रोजाना हजारों लोग ट्रैफिक की समस्या से जूझ रहे हैं। क्षेत्र के लोग कई दशक से ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए बाईपास निर्माण की मांग उठा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग आईटीआई निरमंड से एसडीएम कार्यालय होते हुए देवढांक तक बाईपास निर्माण का सर्वे तो किया है, लेकिन मामला इसके बाद आगे नहीं बढ़ पाया है। क्षेत्र के लोगों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द बाईपास का निर्माण कर लोगों को राहत पहुंचाने की मांग की है। क्षेत्र के विकास शर्मा, दीपक शर्मा, योगेश भार्गव, धर्मपाल, राम स्वरूप, संजीव, राकेश कुमार, सुरजीत सहित अन्य ने कहा कि निरमंड में बाईपास न होने के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। तंग सड़क पर बेतरतीब वाहन पार्क होने और पार्किंग की सुविधा न होने से समस्या और बढ़ रही है। उन्होंने क्षेत्र के लिए बाईपास का जल्द निर्माण करने की मांग उठाई है।
निरमंड में ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए आईटीआई से एसडीएम कार्यालय होते हुए देवढांक तक करीब चार किलोमीटर सड़क का सर्वे किया गया है। उम्मीद है कि सड़क निर्माण के लिए जल्द बजट का प्रावधान होगा। - राकेश नेगी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग निरमंड