फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच दिन से पेयजल आपूर्ति ठप, छह पंचायतों के लोग परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
डंसा (रामपुर बुशहर)। सोलह करोड़ की लागत से बनी सेरीपुल-बाहलीधार उठाऊ पेयजल योजना पांच दिनों से ठप पड़ी है। ऐसे में रामपुर उपमंडल की छह पंचायतों के हजारों लोगों को पेयजल आपूर्ति की समस्या से जूझना पड़ रहा है। रोषजदा ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे मजबूरन सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे।
विज्ञापन

रामपुर उपमंडल की छह पंचायतों के हजारों लोगों को लाभान्वित करने वाली सेरीपुल-बाहलीधार पेयजल योजना तकनीकी खामियों के कारण अपेक्षाओं के अनुरूप आज तक खरी नहीं उतर सकी है। पेयजल योजना के बार-बार हांफने से क्षेत्र के हजारों लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। योजना के सही क्रियान्वयन में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी नाकाम साबित हो रहे हैं। 16 करोड़ की लागत से बनी इस पेयजल योजना पर विभाग ने 20 करोड़ से भी अधिक राशि खर्च करवा डाली, बावजूद इसके अभी तक इस योजना का लोगों को सुचारू रूप से लाभ नहीं मिल पा रहा है। बीते पांच दिनों से उपमंडल की लालसा, डंसा, कूहल, देवठी, मुनिश और शिंगला पंचायत के हजारों ग्रामीण पेयजल के लिए तरसे हुए हैं। योजना के आए दिन ठप होने से डंसा पंचायत के जगूणी, नोगीधार, डंसा, पनोली और शांदल के लोगों को सबसे अधिक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
क्षेत्र के गोवर्द्धन दास, अजय कुमार, सूरज, दिनेश, दौलत राम, जय सिंह, बुद्धि सिंह, मोहन लाल, सैन राम, कुलदीप ठाकुर, सुंदर सिंह, बंसी लाल, भोला सिंह, योग राज और सुरेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों के अनुसार आईपीएच विभाग वर्षों से इस योजना को सुचारू रूप से चलाने में नाकाम साबित हो रहा है। बिना पेयजल ग्रामीण परेशानियां झेल रहे हैं। उन्होंने विभाग को चेताया कि यदि जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उधर, आईपीएच विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता अजीत नेगी के अनुसार सेरीपुल में विद्युत वोल्टेज की कमी के चलते पानी लिफ्ट करवाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। सर्दियों में इस तरह की परेशानियां ज्यादा पेश आती हैं। जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल कर समस्या दूर की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें