जल शक्ति विभाग के कार्यालय की छत पर शेड निर्माण के लिए लगाए थे पेयजल पाइप
विज्ञापन
निरमंड में जीर्णोद्धार के दौरान लोहे की चादरें हटाने के दौरान हुआ खुलासा शेड निर्माण के लिए लोहे के एंगल लगाने की जगह पाइप लगाने पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। जल शक्ति विभाग निरमंड सबडिवीजन के सहायक अभियंता कार्यालय की छत पर 36 साल पहले शेड निर्माण के लिए लाेहे के एंगल की जगह पेयजल पाइप का इस्तेमाल किया गया। यह खुलासा उस दौरान हुआ जब जीर्णोद्धार कार्य के दौरान शेड पर लगीं खराब लोहे की चादरों को हटाया गया। विभाग का कहना है कि भवन और शेड का निर्माण वर्ष 1990 में किया गया था। संभवत: उसी दौरान पेयजल पाइप का इस्तेमाल किया होगा। कार्यालय के छत पर लगे पेयजल पाइप के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वहीं, लोग सवाल भी उठा रहे हैं।
जल शक्ति विभाग के आनी डिवीजन के अधिशासी अभियंता इं. किशोर शर्मा ने बताया कि शरारती तत्वों की ओर से शेड निर्माण के लिए पेयजल पाइप लगाने की झूठी अफवाह फैलाकर विभाग और अधिकारियों को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। निरमंड में सहायक अभियंता का दो मंजिला कार्यालय भवन है। धरातल फ्लोर में कार्यालय और ऊपरी मंजिल पर लैब है। भवन की छत बहुत पुरानी थी। लोहे की चादरें सड़कर खराब हो गई हैं। उन्हें उखाड़कर बदलने और मरम्मत करने को लेकर एक टेंडर दिया गया है। जब काम शुरू हुआ तो पाया कि भवन की छत में लोहे के एंगल की जगह पाइप लगाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया छत पर कोई नए पाइप नहीं लगे हैं। नए पाइप लगाने की सिर्फ अफवाह फैलाई जा रही है।