कूर्पण वैली एसोसिएशन की कार्यकारिणी के सदस्य के रामपुर महाविद्यालय में स्वच्छता अभियान के दौर?
- फोटो : RAMPUR-HP
दलाश (कुल्लू)। क्षेत्र की व्युंगल पंचायत के तीन गांवों के बाशिंदों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। चमारली, होआ और गवालाबाग गांवों के लोगों का कहना है कि पेयजल संकट की वजह से वह प्राकृतिक पेयजल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हैं। समस्या को लेकर गांव का प्रतिनिधिमंडल दलाश सबडिवीजन एसडीओ से भी मिला और उन्हें शिकायत पत्र सौंपा।
इसमें उन्होंने बताया कि सर्दियों के मौसम में भी ग्रामीण जल संकट से जूझ रहे हैं। मजबूरी में उन्हें कई किलोमीटर दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार जलशक्ति विभाग सबडिवीजन दलाश में भी इसकी शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है।
ग्रामीण सत्यपाल नेगी, देवी सिंह, ओम प्रकाश, रूपलाल, राम सिंह, होशियार सिंह, सोहन सिंह और सुरेश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है। ग्रामीणों को घरों की सफाई करने और पशुओं को पीने के लिए पानी की जरूरत रहती है, जो इससे पूरी नहीं हो पाती है।
कई बार विभाग को इस बारे में अवगत करवाया गया लेकिन जलशक्ति विभाग समस्या पर कोई गौर नहीं कर रहा है। ग्रामीणों ने जलशक्ति विभाग को चेताया कि पानी की समस्या का अगर समय रहते हल नहीं किया गया तो वह जलशक्ति विभाग दलाश के कार्यालय के बाहर अनशन शुरू कर देेंगे। उन्होंने विभाग से उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की मांग उठाई है।
जलशक्ति विभाग दलाश सबडिवीजन एसडीओ डीडी ठाकुर ने बताया कि समस्या उनके संज्ञान में आई है। जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा, जिससे गांव में पानी की आपूर्ति सुचारु हो सके।