कुंगश मेले में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, 20 टीमें लेंगी भाग संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। ऐतिहासिक कुंगश मेले के दूसरे दिन पंचायत स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसमें क्षेत्र की 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। मेला कमेटी के उपाध्यक्ष लच्छी राम ठाकुर ने बताया कि रघुपुर, जांजा और जलोड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मेले के अंतिम दिन होगा। विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। सांस्कृतिक मंच पर दिनभर रंगारंग प्रस्तुतियां हुईं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुंगश, सरस्वती विद्या मंदिर और जेपीएन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने लोकनृत्य और समूहगान प्रस्तुत किए। महिला मंडल मिश्ता, देऊली और भुट्ठीवाहन की महिलाओं ने भी पारंपरिक लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम दिए।
दैनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्र के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले स्थानीय संस्कृति, खेल प्रतिभाओं और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे दर्शकों ने खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।