ग्रामीणों को इंतजार, कब बहाल होगी लालसा-बाहलीधार सड़क
विज्ञापन
पिछले साल की बरसात से क्षतिग्रस्त सड़क की नहीं सुधर रही हालत संवाद न्यूज एजेंसी डंसा (रामपुर बुशहर)। विकास खंड रामपुर की लालसा-बाहलीधार सड़क को लोक निर्माण विभाग से फिटनेस प्रमाणपत्र न मिलने से बस सेवा ठप है। बरसात के दौरान यह सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी। सड़क की हालत नहीं सुधरने से ग्रामीण यातायात सुविधा से वंचित हैं। इस सड़क पर बस सेवाएं शुरू होने से क्षेत्र की छह पंचायतों कूहल, देवठी, लालसा, डंसा, शिंगला और रचोली के हजारों ग्रामीण लाभान्वित होंगे। सड़क का फिटनेस प्रमाणपत्र न मिलने के कारण ग्रामीणों में भारी रोष है। छह पंचायतों के ग्रामीण लंबे समय से ग्रामीण रूट पर बस सेवा की मांग कर रहे हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते सड़क भारी वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई है। हालांकि, भाजपा और कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में दो बार सड़क को पास करवाने के मकसद से परिवहन निगम की बस को हरी झंडी दी जा चुकी है। इसके बावजूद इस रूट पर लोगों का सपना साकार होता नहीं दिख रहा। परिवहन निगम के अधिकारियों ने बस को हरी झंडी देने के समय कुछ तंग और कठिन प्वाइंट को दुरुस्त करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग को कहा था। बीते वर्ष भारी बरसात के चलते भूस्खलन और डंगे ढह जाने से सड़क की हालत दयनीय बन गई है। अब नए सिरे से लोक निर्माण विभाग को परिवहन निगम प्रबंधन को फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करवाना होगा, तभी रूट पर बस सेवा मुहैया की जा सकेगी। बीते महीने सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल भारी बरसात से अवरुद्ध 12/20 वैली की सड़कों का जायजा लेने पहुंचे थे। उस दौरान चिकसा और मझाली गांव के ग्रामीणों ने वाया लालसा-बाहलीधार रूट पर बस सेवा शुरू करवाने की मांग उठाई थी। कूहल पंचायत उप प्रधान महेंद्र मेहता, देवठी प्रधान संजीव कायथ, लालसा प्रधान मोहन लाल जिप्टा, डंसा प्रधान देश कुमार, शिंगला पंचायत प्रधान राज कुमार गौतम ने ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन और निगम प्रबंधन से बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
लालसा-बाहलीधार सड़क को दोबारा नाबार्ड की स्वीकृति के लिए प्राक्कलन तैयार करवाकर भेजा जा चुका है। सड़क निर्माण कार्य से पहले लालसा और बाहलीधार राजस्व प्रक्रिया के तहत समायोजित किया जा चुका है। एसके नेगी, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग रामपुर