मरीजों को उपचार के लिए झेलनी पड़ रही भारी परेशानियां, चार पंचायतों के हजारों ग्रामीणों की बढ़ीं दुश्वारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचार में स्टाफ की कमी की मार हजारों लोगों पर पड़ रही है। अस्पताल में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, नर्स सहित अन्य पद रिक्त होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को उपचार के लिए 16 किलोमीटर दूर भावानगर अस्पताल और 70 किलोमीटर दूर रामपुर जाना पड़ रहा है। गौर हो कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचार में हर वर्ष करीब करीब 12 हजार ओपीडी रहती है। निचार, अपर सुंगरा, बरी और पौंडा पंचायत के हजारों लोग सीएचसी से लाभान्वित होते हैं, लेकिन यहां रिक्त पदों के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सीएचसी निचार में चिकित्सक के तीन पदों में से एक पद अक्तूबर, 2023 से रिक्त चल रहा है। वहीं, स्टाफ नर्स के दोनों पद अगस्त, 2023, फार्मासिस्ट का पद अक्तूबर 2023, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का एक पद वर्ष 2020, लैब टेक्नीशियन का पद मार्च 2024 और हेल्थ सुपरवाइजर का पद जुलाई, 2024 से खाली पड़ा हुआ है। वहीं, निचार पंचायत प्रधान राजपाल नेगी, महिला मंडल अध्यक्षा तेलारिंग सविता नेगी, महिला मंडल चुस्तो अध्यक्षा चंद्रदेवी नेगी, महिला मंडल अध्यक्षा काश्पो रंजू नेगी, महिला मंडल ग्रादे अध्यक्षा कांती नेगी, युवक मंडल अध्यक्ष ग्रादे दीपक नेगी, ज्ञावापालदेन नेगी, भारत भूषण नेगी, सुनीता नेगी, अश्वनी नेगी और अविनाश नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि सीएचसी निचार में रिक्त पदों के कारण मरीजों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चार पंचायतों के मरीज 16 किलोमीटर दूर भावानगर अस्पताल और 70 किलोमीटर दूर रामपुर उपचार करवाने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार और विभाग से जल्द से जल्द रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई है, ताकि हजारों मरीजों को राहत मिल सके।
रिक्त पदों को लेकर समय-समय पर सरकार से पत्राचार किया जा रहा है। रिक्त पदों का मामला सरकार के संज्ञान में है। उम्मीद जताई है कि सरकार शीघ्र रिक्त पदों को भरेगी। -
डॉ. कवि राज नेगी, बीएमओ निचार